राजधानी समेत राज्यभर के शासकीय अंग्रेजी मीडियम कॉलेजों में नए शिक्षा सत्र यानी 2023-24 से बीए की पढ़ाई भी शुरू होगी। इन कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों को बीए की पढ़ाई इंग्लिश के साथ ही हिंदी में भी करने का ऑप्शन मिलेगा। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर में करीब 7 साल पहले पांच मॉडल कॉलेज शुरू किए गए थे। शुरुआत से ही इनमें बीएससी व बीकॉम की पढ़ाई हो रही है। कुछ मॉडल कॉलेजों में पिछली बार बीसीए भी शुरू किया गया।
इस बार बीए की पढ़ाई भी शुरू की जा रही है। उच्च शिक्षा विभाग ने इस मामले में कॉलेजों को पत्र भी जारी किया है। इसके अनुसार ही कॉलेजों में बीए की पढ़ाई को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। अंग्रेजी मीडियम कॉलेजों में बीए में कितनी सीटों में प्रवेश दिया जाएगा यह अभी तय नहीं है। मॉडल कॉलेजों में बीएससी, बीकॉम, बीसीए में 50-50 सीटें हैं। इसलिए माना जा रहा है कि बीए में भी 50 सीटें हो सकती हैं।
राजधानी के मॉडल कॉलेज अटारी को पिछले साल ही इंग्लिश मीडियम कॉलेज बनाया गया है। 2016 में इसकी स्थापना के बाद 2021 तक इसकी कक्षाएं साइंस कॉलेज में ही लगती रही। पिछले साल ही यह कॉलेज अपने नए भवन में शिफ्ट हुआ है। यह पूरी तरह से आवासीय है। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर में स्थित इंग्लिश मीडियम मॉडल कॉलेज में अभी सिर्फ ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई हो रही है। जल्द ही इन कॉलेजों में भी पीजी की पढ़ाई शुरू होने वाली है।
आत्मानंद इंग्लिश स्कूलों में आर्ट्स की पढ़ाई नहीं
स्वामी आत्मानंद इंग्लिश स्कूलों में कक्षा बारहवीं में केवल साइंस और कामर्स की ही पढ़ाई हो रही है। इन स्कूलों के छात्रों की आगे की पढ़ाई के लिए इंग्लिश मीडियम कॉलेज की योजना तैयार की गई थी। इसके अनुसार पिछले साल 10 कॉलेज भी शुरू किए गए। इनमें इस साल बीए की पढ़ाई भी शुरू होने वाली है। इंग्लिश मीडियम स्कूलों में आर्ट्स नहीं होने से बीए की पढ़ाई सिर्फ इंग्लिश मीडियम में होने से दाखिले कम होने की संभावना भी बनी हुई है। यही वजह है कि अंग्रेजी मीडियम कॉलेज बीए की पढ़ाई हिंदी में भी करने की मांग कर रहे हैं। कॉलेज के अधिकारियों का कहना है कि बीए में दोनों मीडियम से पढ़ाई करने का ऑप्शन अच्छा है। एक ऑप्शन होने से दाखिले कम होंगे।
दस गवर्नमेंट इंग्लिश कॉलेज हैं राज्यभर में
छत्तीसगढ़ में कुल 10 गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम कॉलेज हैं। इनमें साल 2016 में रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर में मॉडल कॉलेज के नाम से ही कॉलेज शुरू किए गए। जिन्हें पिछली बार इंग्लिश मीडियम कॉलेज बनाया गया। इसी तरह बिलासपुर, अंबिकापुर, रायगढ़, कोरबा और जगदलपुर में स्थित पांच पुराने कॉलेज को भी पिछली बार इंग्लिश मीडियम मॉडल कॉलेज के रूप में परिवर्तित किया गया है। इस तरह से राज्य में 10 इंग्लिश मीडियम के कॉलेज हैं। इनमें जिन कॉलेज में बीए नहीं हैं वहां बीए की पढ़ाई शुरू होगी। स्वामी आत्मानंद स्कूलों की तरह ही इन कॉलेजों में भी नई हाईटेक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.